नियामताबाद। क्षेत्र के नियामताबाद ग्राम पंचायत के सिरसी गांव स्थित एक स्कूल के पास ठेकेदार ने बीच सड़क पर एक ट्रक गिट्टी गिरा दी है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। ठेकेदार की मनमानी से ग्रामीणों में नाराजगी है। पचोखर गांव में पीडब्ल्यूडी की ओर से पांच सौ मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। किसानों का आरोप है कि ठेकेदार ने जहां काम चल रहा है, वहां से डेढ़ किलोमीटर पहले रामपुर जाने वाले मार्ग पर एक सप्ताह पहले बीच सड़क पर गिट्टी गिराकर दी थी। इससे यातायात अवरुद्ध हो गया है। इस मार्ग से नियामताबाद, रामपुर के लोग आते-जाते हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। वहीं, किसानों को अपने खेतों में आने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि ठेकेदार से कई बार गिट्टी हटाने के लिए कहा गया लेकिन वह आनाकानी कर रहा है। वहीं, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजेश कुमार ने कहा कि किसी निर्माण कार्य के लिए मार्ग को अवरुद्ध करना गलत है। ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा।