चंदौली। बिहार के गया में आयोजित राष्ट्रीय क्रास कंट्री दौड़ में जिले की बेटी बेबी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा चुकी बेबी ने अंडर 20 में छह किलो मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। जिला एथलेटिक्स संघ सचिव सतीश सिंह ने बताया कि मूल रूप से वाराणसी जिले की रहने वाली बेबी ने बीते साल दिसंबर में पीलीभीत में आयोजित राज्य स्तरीय क्रास कंट्री दौड़ पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी। सोमवार को बिहार के गया जिले में 58वें राष्ट्रीय क्रास कंट्री में भी पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। इससे पहले बेबी नेपाल आयोजित जूनियर एशियन क्रास कंट्री दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी है।