गर्मी में राहत के लिए लोग ठंडे पानी का सहारा ले रहे हैं लेकिन यही आदत अब स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि बहुत ठंडा पानी शरीर के तापमान को अचानक प्रभावित करता है जिससे पाचन क्रिया धीमी पड़ जाती है और पेट से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। बरहनी पीएचसी में इन दिनों प्रतिदिन 18 से 20 मरीज पेट संबंधी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं।डॉक्टरों के अनुसार शरीर का तापमान संतुलित रहने पर ही पाचन तंत्र सही तरीके से काम करता है। ऐसे में अचानक बहुत ठंडा पानी पीने से शरीर को तापमान संतुलित करने में अतिरिक्त ऊर्जा लगानी पड़ती है जिससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसके चलते गैस, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं। बरहनी पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने सलाह दी कि गर्मी में सामान्य या हल्का ठंडा पानी ही पिएं और बाहर से आने के तुरंत बाद बर्फ या फ्रिज का पानी पीने से बचें। इसके साथ ही उन्होंने नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करने की भी सलाह दी। चिकित्सक से परामर्श पर दवा लेना चाहिए।