पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शनिवार को अपराह्न दो बजे बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया तो मेधावियों के घरों में जश्न का माहौल हो गया। इंटरमीडिएट में ऑटो चालक गुलाबचंद्र यादव की बेटी पूजा यादव और हाईस्कूल में आदर्श पांडेय ने जिले में टॉप किया है। पूजा यादव ने 500 में से 476 अंक अर्थात 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, आदर्श पांडेय को 600 में से 582 अर्थात 97 प्रतिशत अंक मिले। आदर्श ने प्रदेश के टॉपरों की सूची में भी नौवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रौशन किया है। चंदौली जिले से यूपी बोर्ड की परीक्षा में कुल 64257 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। हाईस्कूल की परीक्षा में 33,381 छात्र-छात्राएं शामिल थे। इनमें 17,088 छात्र और 16,293 छात्राएं थीं। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 30,876 छात्र-छात्राएं शामिल हुई थीं। इनमें 16,200 छात्र और 14,676 छात्राएं थी। नियामताबाद ब्लॉक के जफरपुर गांव निवासी ऑटो चालक गुलाबचंद्र यादव की पुत्री पूजा यादव ने हाईस्कूल में जिले में टॉप किया है। पूजा पीडीडीयू नगर के लाल बहादुर शास्त्री बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा है और उसने 95.20 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं, शहाबगंज ब्लॉक के बरियारपुर खखड़ा गांव निवासी किसान चंद्रकेश पांडेय के पुत्र आदर्श पांडेय ने हाईस्कूल में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। वह मां चकेश्वरी इंटर कॉलेज लक्ष्मणगढ़, चंदौली का छात्र है। आदर्श का परिवार चंदौली के शास्त्री नगर में किराये के मकान में रहता है। आदर्श ने जिले में टॉप करने के साथ ही प्रदेश में भी नौवां स्थान हासिल किया है।