टांडाकला। बलुआ थाना के एक गांव में बुधवार की रात युवक ने नौ साल की बालिका को टॉफी देने के बहाने बुलाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोपी युवक की पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बालिका घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी बीच गांव का ही 35 वर्षीय युवक बालिका को टॉफी और बिस्कुट दिलाने का लालच देकर पास में स्थित गली में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। बालिका के शोर मचाने पर पास में खेल रहे एक बालक ने घटना की जानकारी बालिका के घर वालों को सूचना दी। बालिका के घर वाले मौके पर पहुंचे। इस दौरान दुष्कर्मी भागने की कोशिश करने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीएचसी पर उसका प्राथमिक उपचार कराया। वहीं, बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
बलुआ थानाध्यक्ष अशोक मिश्र ने बताया कि बालिका से दुष्कर्म की कोशिश की गई है। पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।