पीडीडीयू नगर। कांशीराम आवास आवंटन घोटाले में दर्ज मुकदमें में पुलिस ने सोमवार को नगर पंचायत चंदौली क्षेत्र के रहने वाले पांच आरोपियों के घर पर कुर्की के उद्घोषणा का नोटिस चस्पा की। पुलिस की ओर से यह कार्रवाई आरोपियों के न्यायालय में पेश नहीं होने पर की गई है। चंदौली नगर पंचायत में कांशीराम आवास योजना के तहत बने 40 आवासों को 2011 में अधिकारियों ने गलत कागजात बनवाकर अपने रिश्तेदारों और कर्मचारियों को अलाट कर दिया था। क्षेत्र के चंद्रमोहन ने 2013 में चंदौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के बार-बार फाइनल रिपोर्ट लगाने के बाद और आरोपियों पर कार्रवाई न होने से चंद्रमोहन ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की। हाईकोर्ट ने आरोपियों के गिरफ्तारी का आदेश एसपी को दिया। इसके बाद पुलिस ने इस प्रकरण में रसड़ा के नगर पंचायत ईओ राजेंद्र प्रसाद, एसडीएम सुनील कुमार बरनवाल समेत अन्य दो लोगों को गिरफ्तार किया। बाद में तत्कालीन तहसीलदार और रिटायर्ड एडीएम शीतला प्रसाद ने कोर्ट में सरेंडर किया। सोमवार को इस मामले कार्रवाई करते हुए एसआई राजकुमार पांडेय ने चंदौली नगर पंचायत की रहने वाली आरोपी उषा सिंह निवासिनी जयप्रकाश नगर, नखरू निशा, मेहरून्निसा निवासी संजय नगर, इमरावती देवी व ओमकार नाथ के घर पर कुर्की की उद्घोषणा का नोटिस चस्पा किया।