पीडीडीयू नगर । मुगलसराय कोतवाल क्षेत्र के रविनगर में किराये के मकान में रह रहे 28 वर्षीय बैंक के सहायक प्रबंधक ने सोमवार की देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिवार वालों के आने तक कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेमिका से फोन पर विवाद के सहायक प्रबंधक के ऐसा कदम उठाए जाने का मामला सामने आ रहा है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले मानवेंद्र बिस्मिल धानापुर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सहायक प्रबंधक थे। पीडीडीयू नगर के रविनगर स्थित एक किराये के मकान में वह रहते थे। पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात उसके एक मित्र को पता चला कि प्रेमिका से फोन पर विवाद के बाद मानवेंद्र अवसाद में है और आत्महत्या का प्रयास कर सकता है। उसका मित्र भागते हुए सोमवार की रात लगभग डेढ़ बजे मानवेंद्र के रविनगर स्थित घर पर पहुंचा। उसने मानवेंद्र के मकान मालिक को जगाया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग मानवेंद्र के कमरे की ओर से गए। वहां उसे पंखे पर रस्सी के सहारे लटके देखा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मानवेंद्र के कमरे को सील कर दिया। घटना की बाबत परिवार वालों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।