चकिया। सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के 359वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को चकिया गुरुद्वारे में अखंड पाठ, भजन कीर्तन और लंगर का आयोजन किया गया। इसके बाद नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें गतका पार्टी ने करतब दिखाए। शोभायात्रा को देखने के लिए नगर में भारी भीड़ उमड़ी। वार्ड नंबर 6 सिविल लाइन पूर्वी स्थित गुरु सिंह सभा चकिया के तत्वावधान में तीन दिवसीय गुरु ग्रंथ साहिब अखंड पाठ, कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया था। शोभायात्रा के आगे निहंग वेशधारी पंच प्यारे तलवारें लेकर चल रहे थे, जबकि पीछे सिखों के गुरुओं - गुरु अर्जुन दास, गुरु नानक देव, गुरु गोविंद सिंह और गुरु अंगद देव के विशाल चित्रों की झांकी चल रही थी। इसके बाद सुसज्जित रथ पर गुरु ग्रंथ साहिब की शोभायात्रा चल रही थी। शोभायात्रा गुरुद्वारे से शुरू होकर चकिया सहदुल्लापुर, गांधी पार्क तिराहा, जिला संयुक्त चिकित्सालय, पूर्वी बाजार से होते हुए गुरुद्वारे पर देर शाम समाप्त हुई। इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने गुरु ग्रंथ साहिब पर चादर चढ़ाकर शीश नवाया और साथ ही अन्य श्रद्धालुओं ने भी गुरुद्वारे में शीश झुकाया। शोभायात्रा के दौरान गुरुद्वारा प्रबंध समिति के अध्यक्ष सरदार करन सिंह सबरवाल, सरदार दुआ सिंह, सरदार कुलवंत सिंह सहित अन्य समुदाय के लोग भी मौजूद थे।