नौगढ़। पंचायत चुनाव के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन अनिल कुमार ने बृहस्पतिवार को नौगढ़ और चकरघट्टा थाना क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेषरपुर, शमसेरपुर, बोझ, हरियाबाध, चमेरबांध, मझगांई, बसौली, लालतापुर, भैसौड़ा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसपी ने प्रभारियों को निर्देश दिया कि रैंप, बैरीकेटिंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, फर्नीचर सहित सभी व्यवस्थाओं को चुनाव से पहले ठीक करा लें। कहा कि किसी भी मतदान केन्द्र पर व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। इसके साथ ही रूट चार्ट से रास्तों की जांच कर लें, यदि कहीं कोई अवरोध है तो उसे दूर करें। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष नौगढ़ राम उजागीर, थानाध्यक्ष चकरघट्टा राजेश सरोज, पुलिस चौकी प्रभारी मझगावां भैरव नाथ यादव मौजूद रहे।