पीडीडीयू नगर। लाख प्रयास के बाद भी ट्रेनों में रेल नीर के बजाए निजी कंपनियों के पानी बेचे जा रहे हैं। सोमवार की सुबह हावड़ा से मुंबई जा रही मुंबई मेल में जांच के दौरान निजी कंपनी का पानी मिला। इस पर वाणिज्य विभाग की टीम ने 21 पेटी पानी ट्रेन से उतार कर नष्ट कर दिया। रेल यात्रियों को सस्ता और अच्छा पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रेनों में और रेलवे स्टेशन पर रेल नीर बेचा जाता है। यह बाजार से सस्ते दाम पर मिलता है। वहीं इसके अभाव में रेलवे ने कुछ नामी कंपनियों को भी पानी बेचने की इजाजत दी है। बावजूद इसके अक्सर ट्रेनों के पैंट्रीकार के अधिकारी निजी लाभ के लिए रेलवे की सूची से बाहर की कंपनियों के पानी चढ़ा लेते हैं और उसे यात्रियों को उपलब्ध कराते हैं। ऐसी कंपनियों का पानी महंगा होने के साथ खतरनाक भी हो सकता है। इसको देखते हुए वाणिज्य विभाग लगातार पैंट्रीकार की जांच करता है। इसी क्रम में सोमवार की सुबह दस बजे अप हावड़ा मुंबई मेल स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची। यहां सीएसजी एनके मिश्र, उपस्टेशन अधीक्षक कमर्शियल एन प्रसाद, आईआरसीटीसी के अधिकारी खालिद आदि ने ट्रेन के पैंट्रीकार की जांच की। इसमें रेल नीर नहीं मिला। इसके स्थान पर रेलवे की सूची से बाहर की कंपनी का 21 पेटी पानी मिली। इसे तुरंत ट्रेन से उतार लिया गया और उसे नष्ट किया गया। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।