ताराजीवनपुर। राख ढो रहे डंपर से उड़ रही धूल से परेशान मटकुट्टा गांव के लोगों ने रविवार की शाम सड़क किनारे डंपर रोकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि राख ढुलाई पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन किया जाएगा। डंपर रुकने से सड़क पर जाम की स्थिति रही। विद्युत परियोजनाओं से निकली राख को रेल से नसीरपुर पट्टन गांव स्थित रैक पर उतारा जा रहा है। यहां से डंपर के माध्यम से राख को रिंग रोड में लगाया जा रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों डंपर राख ढुलाई के लिए जा रहा है। राख ढुलाई से डंपर से राख उड़ रही है। इससे मटकुट्टा और नसीरपुर गांव के लोग परेशान हो चुके हैं। घरों से लेकर सड़क तक धूल की परत दर परत दर जम जा रही है। कई बार सड़क पर पानी डालने को कहा जा रहा है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार की शाम मटकुट्टा गांव के समीप डंपर को रोक कर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जब तक राख ढुलाई के बाद सड़क पर पानी नहीं डाला जाएगा तब तक हम लोग डंपर नहीं जाने देंगे। कुछ लोगों के समझाने बुझाने के बाद आवागमन शुरू हुआ। इस दौरान लगभग एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शन करने वालों में रणवीर, सुरेश चौहान, चंदन, गुड्डू, राजेश पासवान, प्रिंस चौहान, डब्बू शर्मा, बच्चे लाल, गोपाल चौहान रहे।