पीडीडीयू नगर। लोकमान्य तिलक से गुवाहाटी जा रही लोकमान्य गुवाहाटी एक्सप्रेस के एसी कोच में पानी न होने से नाराज होकर यात्रियों ने पीडीडीयू जंक्शन के आगे जीटीआर ब्रिज के समीप चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और हो हल्ला किया। यात्रियों के हो हल्ला के बाद ट्रेन को वापस स्टेशन पर लाया गया और पानी भरा गया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। हंगामा के कारण ट्रेन आधे घंटे की देरी से रवाना हुई। लोकमान्य तिलक गुवाहाटी एक्सप्रेस रविवार की सुबह आठ बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। इस दौरान ट्रेन के यात्रियों ने कोच में पानी न होने की शिकायत की। बावजूद इसके सुनवाई नहीं हुई। इसके पूर्व यात्रियों ने कंट्रोल से भी शिकायत की थी। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन खुल गई। इससे यात्री नाराज हो गए। ट्रेन यार्ड के जीटीआर ब्रिज के समीप पहुंची थी कि नाराज यात्रियों ने चेनपुलिंग कर ट्रेन रोक दी। ट्रेन से नीचे उतर कर यात्री हो हल्ला करने लगे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि प्रयागराज से ही ट्रेन के एसी कोच सहित सभी कोचों में पानी समाप्त हो चुका है। लगातार इसकी शिकायत के बाद भी पानी नहीं भरा गया। सुबह पानी न होने से दैनिक क्रिया में दिक्कत हो रही है। यात्रियों के हंगामा की सूचना पर विभागीय कर्मचारियो में हडकंप मच गया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रेन स्टेशन पर वापस लाकर बोगियों में पानी भरा गया। बोगियों में पानी भरे जाने पर यात्री शांत हुए और आधा घंटा विलंब से आगे के लिए रवाना हुई।