चहनिया। बलुआ थाना अंतर्गत स्थानीय कस्बा में शनिवार की देर शाम को मनबढ़ों ने मिठाई विक्रेता विनय मोदनवाल (47) की हाकी-डंडे से पिटाई कर दी। शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचते हमलावर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यवसायी को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। इस मामले में पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में लिया है। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है। स्थानीय कस्बा में मिठाई विक्रेता विनय मोदनवाल शनिवार की देर शाम समीप के ही एक दुकान पर चाय पी रहा था। इस बीच मौके पर पहुंचे बाइक सवार तीन युवकों ने विनय पर हाकी डंडे से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने मिठाई विक्रेता को पीएचसी पर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव के नेतृत्व में व्यापारी थाने पर पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। इस मामले में पुलिस देवाइतपुर निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बलुआ निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह ने कहा कि अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। संवाद