पीडीडीयू नगर। रेलवे के स्वच्छता पखवाड़े के तहत रविवार को पीडीडीयू जंक्शन पर स्थित खानपान के स्टालों और ट्रेनों में पेंट्रीकार की जांच की गई। पैंट्रीकारकर्मियों को सिर पर कैप लगाकर और हाथों में ग्लब्स लगाकर ही यात्रियों को खाना परोसने की हिदायत दी गई। स्टालों पर सफाई रखने, हमेशा ड्रेस पहने रहने का निर्देश दिया गया।
रेलवे की ओर से रविवार को स्वच्छ आहार दिवस मनाया गया। इसके तहत रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित अन्य रेलवे स्टेशनों और स्टेशन पर आए ट्रेनों के पैंट्रीकार की जांच की गई। रेलवे के लोको मंडलीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ललित सांगा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीडीडीयू जंक्शन पर फूड प्लाजा, कमशम सहित आठों प्लेटफार्म पर स्थित खान पान स्टालाें की जांच की गई। इस दौरान यहां तैनात कर्मियों के मेडिकल और लाइसेंस की जांच की। वहीं यहां साफ सफाई, खाना बनाने के ढंग की जांच की। इस दौरान कर्मियों को हमेशा ड्रेस पहन कर, स्टालों पर साफ सफाई रखने, हाथों में दस्ताना पहन कर खाना परोसने की हिदायत दी गई। कहा कि हमेशा वे स्वच्छता का ध्यान रखेंगे। इसके बाद प्लेटफार्म पर संख्या चार पर आए लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के पैंट्रीकार में पहुंच कर साफ सफाई की व्यवस्था देखी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्यामल मंडल ने विभिन्न स्टालों और पैंट्रीकार से खाने के सैंपल एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान सभी फूड हैंडलर को सफाई से संबंधित जानकारी भी दी गईं। इस दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेश कुमार, शांतनु आनंद, शशिभूषण सिंह, राहुल कुमार आदि रहे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को नियमित रूप से खान पान के गुणवत्ता की जांच पड़ताल के लिए निर्देश दिए।