चंदौली। जिला कृषि विभाग की ओर से मंगलवार को चार सदस्यीय टीम ने मुख्यालय सहित क्षेत्र मारूफपुर, सकलडीहा, कमालपुर व बिसुनपुरा गांव में स्थित उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने 32 दुकानों पर छापेमारी की। इसमें 20 दुकानों से नमूने लिए। वहीं, चार दुकानदार अभिलेख नहीं दिखा सके, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी ने सभी उर्वरक से संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्तर पर किसानों को उर्वरक उपलब्धता में समस्या नहीं आनी चाहिए। जिसको लेकर जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जिले में अभियान चलाने के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर खाद की दुकानों पर अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने 32 खाद की दुकानों पर छापेमारी की। इसके बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। वही कुछ दुकानदार शटर गिरा कर फरार हो गए।
कृषि विभाग की टीम ने 20 दुकानदारों से नमूने लिए और चार दुकानदारों को अभिलेख नहींं दिखाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने कहा कि जनपद मेंं कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदार किसानों को उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराएं। अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई जाएगी। इस दौरान उप कृषि निदेशक भीम सिंह, अपर कृषि अधिकारी डॉ. पूजा त्रिपाठी, स्नेह प्रभा, चंदन सिंह, अभिषेक उपस्थित रहे।