पीडीडीयू नगर। जलीलपुर में मां गंगा के तट पर स्थित मां श्रीसर्वेश्वरी सेवा संघ के प्रांगण में बुधवार को अघोरेश्वर भगवान राम का 31वां महानिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं अघोरेश्वर गुरुकुल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस मौके पर आयोजित भंडारे में बच्चों के साथ दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां गंगा का पूजन कर कलश यात्रा निकालने से किया गया। यात्रा अघोरान्ना परो मंत्रो नास्ति तत्वं गुरो: परम के जाप के साथ अघोरेश्वर के चरण पादुका तक पहुच कर संपन्न हुई। इसके बाद अघोरेश्वर महाप्रभु के शिष्य गुरुबाबा और अनिल बाबा ने हवन-पूजन कर खट्वांग कपाल दिग्बंधन पूजा की। इसके बाद भंडारे का कार्यक्रम चलता रहा। सांयकाल अघोरेश्वर गुरुकुल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। विचार-गोष्ठी में गुरूबाबा ने अघोरेश्वर् महाप्रभु द्वारा शारदीय नवरात्रि के षष्टम तिथि पर दिए गए उद्घोष को स्मरण करते हुए कहा कि जीवन में यदि कुछ गलत हुआ हो तो उन कृत्यों का परित्याग कर आगे बढ़ना ही मनुष्य का आचरण होना चाहिए।
इस मौके पर हर्षवर्धन सिंह, डॉ. आरके सिंह, डॉ. पीके. सिंह, बीएन सिंह, डॉ. अशोक मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, सुनीता चौहान सहित अघोरेश्वर गुरुकुल के बच्चे व शिक्षक रहे।