सकलडीहा तहसील में एसडीएम से वार्ता करते अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
सकलडीहा। संयुक्त बार के अधिवक्ताओं की शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में एसडीएम अजय मिश्रा से तीखी बहस हो गयी। अधिवक्ताओं ने एसडीएमम पर एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। बाद में किसी प्रकार दोनों पक्ष के बीच सुलह समझौता होने के बाद मामला शांत हुआ। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील के अधिकारियों के ढुलमुल रवैये के कारण फरियादी सुबह-शाम चक्कर काट रहे है। कहा कि बृहस्पतिवार को तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रख ही रहे थे कि एसडीएम ने आपा खो दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इसे लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल हो गया। शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे अधिवक्ता तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम के चेंबर में पहुंच गये। जहां तीखी बहस होने लगी। इस दौरान एसडीएम ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। काफी देर दोनों पक्षों के सुलह समझौता से मामला शांत हुआ। अधिवक्ताओ ने चेताया कि तहसील प्रशासन अड़ियल रवैये में बदलाव नहीं लायेगा तो आन्दोलन तय है। इस दौरान बार अध्यक्ष राजकुमार सिह, शिव गोबिंद सिंह, श्रीकांत सिंह, सुभाष सिंह, उपेंद्र नारायण सिंह, अतुल तिवारी, शैलेन्द्र पांडेय, मनोज पांडेय, नितिन तिवारी, सुरेन्द्र कांत मिश्रा, जनार्दन मिश्रा, अजय कुमार रंजन, सोनू सिंह सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।