सकलडीहा। एसडीएम अनुपम मिश्रा क्षेत्र के दस धान क्रय केंद्रों का मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की जानकारी सहित मौजूद किसानों से वार्ता की। केंद्र प्रभारियों को चेताया कि धान खरीद में पारदर्शिता न होने व किसानों की सुविधाओं का पूरा ख्याल न रखे जाने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीद का जायजा लेने एसडीएम अनुपम मिश्रा सकलडीहा, चहनिया और धानापुर ब्लॉक के ढ़ोढ़िया, बभनियाव, ऐवती, रायपुर, अवही सहित दस केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने धान का स्टॉक, खरीद रजिस्टर, काटा, नमी मापक यंत्र को देखने के साथ बिक्री कर रहे किसानों से धान खरीद की जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि केंद्र प्रभारी किसानों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कर लाभ दिलाएं। खरीद में नमी मापक यंत्र का प्रयोग करते रहें। इसके साथ ही खरीदे गए धान का उठान भी सुनिश्चित करें ताकि धान क्रय केंद्रों पर जगह की कमी न हो। वही क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरो की उपलब्धता रहे जिससे खरीद प्रभावित न हो सके। एसडीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष खरीद पूर्ण करने पर भी जोर दिया। इस मौके पर विपणन प्रभारी विजय कुमार गुप्ता सहित अन्य रहे।