सकलडीहा के नरैना की गुड्डी के साथ समाजसेवी दुर्गेश सिंह। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
सकलडीहा। सकलडीहा में तैनात रहे डिप्टी एसपी त्रिपुरारी पांडेय वर्तमान में कानपुर में एसीपी पद पर तैनात है। बावजूद इसके उन्होंने नरैना गांव के एक गरीब परिवार की बेटी गुड्डी की शादी कराने का बीड़ा उठाया है। क्षेत्र के समाजसेवी दुर्गेश सिंह की पहल के बाद मंगलवार को परिवार के लोगों से बात कर उन्होंने पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया है। एसीपी की इस पहल से बेटी के परिवार में खुशी की लहर है। नरैना गांव के सुखदेव पटेल की दो पुत्री मीना व गुड्डी और एक पुत्र पवन है। सुखदेव की पत्नी का पांच साल पूर्व निधन हो जाने पर पिता ने मजदूरी कर किसी तरह बड़ी बेटी की शादी कराई लेकिन दूसरी बेटी की शादी को लेकर काफी दिनों से परेशान थे। इसी बीच उनकी समाजसेवी दुर्गेश सिंह से मुलाकात हुई। उन्होंने दुर्गेश से बेटी की शादी को लेकर चर्चा की। इसपर दुर्गेश ने कानपुर कमिश्नरी में तैनात एसीपी त्रिपुरारी पांडेय से बेटी की शादी को लेकर बात की और घर के हालात से उन्हें अवगत कराया। सारी बात सुनने के बाद एसीपी ने हामी भरते हुए मंगलवार को बेटी के परिजनों से टेलीफोन पर बात कर शादी कराने का भरोसा दिया। एसीपी के फोन पर शादी कराने का आश्वासन मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल है।