ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के मुगलचक स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार को मरीज के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया।
बबुरी थाना क्षेत्र के पूरवा तालुका मैढी गांव निवासी दरोगा गोड़ (45) के पेट में दर्द होने लगा। परिजनों ने अलीनगर स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सक को दिखाया किया तो उन्होंने जांच के बाद पथरी बताई। साथ ही ऑपरेशन कराने की सलाह दी। आयुष्मान कार्ड के तहत 20 जुलाई को दरोगा का ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि उसके पेशाब की नली से रक्त होता रहा और 27 जुलाई को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। 28 को परिजनों ने मरीज को फिर भर्ती कराया। एक हफ्ते बाद भी रक्तश्राव की समस्या का निदान हुए बिना डिस्चार्ज कर दिया गया।
इसके बाद परिजनों ने वाराणसी के डाफी एक अस्पताल में भर्ती कराया। मरीज की पत्नी प्रेमशिला ने आरोप लगाया कि मेरे पति की किडनी भी खराब हो चुकी है। इससे नाराज ग्रामीण अस्पताल के बाहर पहुंचकर धरना प्रदर्शन करने लगे। दो घंटे बाद पहुंचे एसओ विनोद मिश्रा ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सहमति नहीं बनी। इसके बाद सभी ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर सीएमओ डाॅ. युगल किशोर राय को मामले से अवगत कराया। इस पर इन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।