सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने युवक की पिटाई और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में धरहरा निवासी संजय राम को बृहस्पतिवार की रात गांव में पान की गुमटी के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। आरोप है कि पिछले दिनों संजय राम ने गांव के ही संजीव उर्फ सोनू मिश्र की पिटाई कर दी थी। इससे क्षुब्ध होकर बुधवार को संजीव ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
क्षेत्र के धरहरा गांव में 12 नवंबर को दीपावली के दिन ट्रैक्टर से दबकर एक मासूम की मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ राजेश कुमार राय ने कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया। इस मामले में ट्रैक्टर को सीज करते हुए चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में गांव के संजय राम सुलह समझौता कराना चाहता था। आरोप है कि पिछले दिनों संजय कुमार ने संजीव को घर सुलह समझौता के लिए घर बुलाया और मारपीट की। इससे क्षुब्ध होकर 29 नवंबर को संजीव ने घर में फंदे लगाकर जान दे दी थी। संजीव के पिता विजय बहादुर मिश्र ने संजय राम के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी थी। बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।