नौगढ़। साहब, लेखपाल ने पट्टे की जमीन के लिए ने 70 हजार रुपये लिए। वापस मांगने पर जेल भेजने की धमकी देते हैं। शनिवार को नौगढ़ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में जरहर गांव के शोभनाथ और लालबरत ने डीएम निखिल टीकाराम फुंडे से यह शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार सतीश कुमार को मामले की जांच कराकर लेखपाल को निलंबित करने का आदेश दिया। समाधान दिवस पर 62 शिकायतें आईं, जिनमें पांच का निस्तारण मौके पर किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे जरहर गांव के शोभनाथ और लालबरत ने आरोप लगाया कि लेखपाल नीरज सिंह ने जमीन पट्टा करने के लिए 70 हजार रुपये लिए हैं, पैसा मांगने पर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सतीश कुमार को मामले की जांच कर लेखपाल को निलंबित करने को कहा है। बाघीं गांव के लोगों ने बताया कि कूड़ा राजवाहा नहर के टेल पर पक्की दीवार बना दी गई है, जिससे पानी नहीं पहुंच रहा। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को फटकार लगाते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर उसका वीडियो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं, ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह ने नौगढ़ थाने में कौशल विकास मिशन से महिला ब्यूटीशियन और सिलाई प्रशिक्षण प्रारंभ करने का अनुरोध किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तहसील अध्यक्ष सत्यानंद तिवारी के नेतृत्व में पत्रक देते हुए बताया कि सीओ कार्यालय और रजिस्ट्री आफिस नहीं है। टेजरी चालान के लिए लोगों को रावर्टसगंज, चकिया जाना पड़ता है। वन विकास समिति बसौली के अध्यक्ष अजय ने ग्रीन इंडिया मिशन में धांधली किए जाने की शिकायत पर वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार सिंह को दो घंटे में बजट और पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को सात दिन के अंदर सभी शिकायतें निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, सीएमओ डॉ. युगल किशोर राय, डीपीआरओ नीरज सिंहा, एसडीएम कुंदन राज कपूर, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और बीडीओ अमित कुमार आदि मौजूद थे।