धानापुर।
स्थानीय विकास खंड में विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति को प्रशासन ने सख्ती से लिया है। बीईओ अवधेश नारायण सिंह ने मंगलवार को आदेश जारी करके सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारियों को शिक्षकों की अनुपस्थिति पर चेताया है। आदेश में कहा गया है कि विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के समय पर उपस्थित न होने और देर से आने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं, जो कि शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। यदि कोई कर्मचारी निर्धारित समय के बाद विद्यालय पहुंचता है या अनुपस्थित रहता है, तो उसकी उपस्थिति कॉलम में स्पष्ट रूप से ‘अनुपस्थित’ अंकित किया जाए। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय में प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक समय से उपस्थित नहीं होते हैं, तो उसकी जिम्मेदारी वहां कार्यरत वरिष्ठ सहायक अध्यापक की होगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।