नौगढ़। विकास खंड नौगढ़ क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली धूमधाम के साथ मनाया गया। रंग और गुलाल की चहुंओर धमाल रही। लोगों ने जहां एक-दूजे को गुलाल और रंग लगाकर होली खेली। वहीं, डीजे की धुन पर थिरकते हुए रंग और गुलाल उड़ाया। सोमवार को सुबह तहसील नौगढ़ में कस्बा के साथ साथ-साथ चकरघटृटा , सोनवार, मझगावां, जनकपुर, रिठीया, मरवटिया, अमदहां, बरवाडीह सहित गांव देहात में फाग खेलने के साथ-साथ जमकर अबीर उड़ाए गए। होली पर्व पर युवा व बच्चों की टोली ने जमकर होली का हुड़दंग, रंगों की बौछार व नाच कूद के साथ मनाया। रंग बरसे भीगे चुनर वाली..., होली खेले रघुवीरा...., अंग से अंग लगाना..., जोगी जी धीरे-धीरे..., होली रे होली रंगो की टोली... सहित विभिन्न होली के गीतों पर जमकर डीजे व फाग गीतों पर ठुमके भी लगाए। होली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम आलोक कुमार, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा सदल बल के साथ मुस्तैद रहे। कुछ चिह्नित स्थानों पर विशेष सुरक्षा की गई थी।