पीडीडीयू नगर। प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी इसकी तैयारियों में जुट गई है। जिले के समस्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस घोषणा के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद दिया है। यह बातें आम आदमी पार्टी की जिला इकाई की ओर से बृहस्पतिवार को नगर के एक आढ़त पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के प्रदेश सचिव देवकांत वर्मा ने कहीं। कहा कि प्रदेश में अब तक जितनी भी पार्टियों की सरकार बनीं, उन्होंने सिर्फ जाति-धर्म के नाम पर ही चुनाव लड़ा है। अब आम आदमी पार्टी के मैदान में उतरने के बाद यह तस्वीर बदली जाएगी। जिलाध्यक्ष कला प्रसाद सोनकर ने कहा कि अब प्रदेश में बिजली-पानी, शिक्षा-स्वास्थ्य, रोजगार आदि मुद्दों पर बात होगी। आम आदमी पार्टी के जिस दिल्ली विकास मॉडल को दुनिया ने सराहा है, वही मॉडल प्रदेश में भी लागू करेंगे। पार्टी के जिला मिडिया प्रभारी संतोष कुमार पाठक ने कहा कि पार्टी के चुनावी रण में उतरने के एलान से ही प्रदेश सरकार के मंत्री स्कूल और हॉस्पिटल जैसे मुद्दों पर बात करने लगी हैं। इस मौके पर प्रभाकर वर्धन सिंह, चंदन कन्नौजिया, मो.सुलेमान, विवेक शर्मा, एमएस अख्तर, मो.शाहिद आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।