सकलडीहा के चतुर्भजपुर -अमावल मार्ग पर जर्जर पुलिया से पलटा ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : योगेश कुशवाहा
सकलडीहा। क्षेत्र स्थित चतुर्भुजपुर-अमावल मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया पर सोमवार को सुबह गेहूं लदा ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पलट गया। इससे ट्रैक्टर का चालक पुलिया के नीचे ट्रैक्टर में फंस गया। समीप खड़े किसानों ने किसी तरह ट्रैक्टर चालक को बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया पिछले दो साल से क्षतिग्रस्त है। चतुर्भुजपुर-अमावल होते हुए सकलडीहा बाजार और रेलवे स्टेशन, नईबाजार, चंदौली सहित वाराणसी जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया गाजीपुर जिले को जोड़ती है। इसके बावजूद पुलिया दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। नईबाजार- चतुर्भुजपुर अमावल मार्ग से होकर गेहूं लदा ट्रैक्टर ट्रॉली सकलडीहा क्रय केंद्र पर जा रहा था। पुलिया से गुजरते समय अचानक ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर का महराजपुर निवासी चालक सुभाष यादव (42) गंभीर रूप से घायल हो गया। पीडब्ल्यूडी के जेई सुदामा यादव ने बताया कि पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था लेकिन स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। बताया कि पुलिया के निर्माण की नई कार्ययोजना भेजी गई है। शासन की अनुमति मिलने के बाद पुलिया का निर्माण करा दिया जाएगा।