बेटी की शादी का कार्ड बांट कर घर लौट रहे पिता को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कंदवा थाना क्षेत्र के धनाइतपुर गांव निवासी कन्हैया बिंद (56) की बेटी अनिता कुमारी की शादी 27 मई को होनी है। वह बृहस्पतिवार को शादी का कार्ड बांटने बाइक से गाजीपुर गए थे। उन्हें गाजीपुर नंदगंज मार्ग पर ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर के साथ भाग निकला। मौके पर जुटे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गाजीपुर रेफर कर दिया। यहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने हादसे की सूचना कन्हैया बिंद के परिजनों को निमंत्रण कार्ड पर अंकित मोबाइल नंबर से दी। हादसे की सूचना पाकर कन्हैया की पत्नी और पुत्री अनिता और दो बेटों का रो- रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में कंदवा थानाध्यक्ष दयाराम गौतम ने बताया कि गाजीपुर में वृद्ध की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पर पहुंचा है। परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार किया है।