क्षेत्र के मढि़या गांव के समीप शुक्रवार की रात वाहन की चपेट में आने से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए दर्शनार्थी की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल से दर्शनार्थियों का जत्था बस से आया था। विश्राम के लिए बस कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी बीच चाय पीने के लिए बुजुर्ग यात्री सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से 63 लोगों का दल तीर्थंयात्रा पर निकला था। 27 फरवरी से तीर्थ यात्री विभिन्न तीर्थ स्थलों का भ्रमण करते हुए शुक्रवार को बस पड़ाव पहुंचा। रात दस बजे बस पीडीडीयू पड़ाव मार्ग पर मढ़िया गांव के पास रुकी। इसी वक़्त बस में सवार आनंद घोष (70 ) बस से उतर कर चाय पीने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी बीच पीडीडीयू नगर की तरफ से पड़ाव आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने आनंद को टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग दर्शनार्थी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर भाग गया। इस घटना से साथ आए अन्य दर्शनार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक आनंद घोष के बड़े भाई अशोक घोष ने बताया कि आनंद के पत्नी गीता घोष की मृत्यु कुछ साल पहले हो गई थी। आनंद की एक बेटी रीता है। उसकी शादी हो चुकी है । वह अपने भाई के साथ वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ दर्शन करने के लिए आया हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। मुग़लसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि टक़्कर मारने वाहन की तलाश की जा रही है।