थाना क्षेत्र के सदासपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार की दोपहर जीटी रोड पर ट्रक की चपेट में आ जाने से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पर पहुंची मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी एवं मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर अवगमन शुरू कराया। सरदासपुर गांव निवासी प्रमोद वैद्य, साइकिल से राशन लेने के लिए अकोढी गांव जा रहा था। इस दौरान वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जीटी रोड को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि परियोजना के अंतर्गत 20 हजार की सहायता राशि देकर दाह संस्कार का प्रबंध कराया गया है।