नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र मझगावां में सोमवार को आम बिनने के दौरान एक बालक कुएं में गिर गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी नौगढ़ ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के मझगावां निवासी रमेश कोल का पुत्र रुद्र (10) सोमवार को सुबह गांव में ही लगे एक पेड़ के पास आम बिनन रहा था। आम उठाते समय रुद्र पास में ही स्थित कुएं में गिर गया। कुएं में गिरने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद उसे किसी प्रकार कुएं से बाहर निकाला। परिवार के लोग उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए, वहां मौजूद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रूद्र माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वहीं भाई के मौत की जानकारी होने पर छोटी बहन रितिका और रीवा फफक- फफक कर रो पड़ी। माता गुड्डी और उसके पिता रमेश का भी रो-रो कर बुरा हाल है।