सुजाबाद चौकी क्षेत्र में मंगलवार को राजघाट स्थित मालवीय पुल से एक व्यक्ति ने गंगा में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख अवधूत भगवान राम घाट के पास मौजूद मल्लाह गोलू साहनी ने अपने साथियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिया। वाराणसी के तेलियाबाग निवासी शफीक रंगाई-पुताई का काम करते हैं। दीपावली के बाद काम नहीं मिलने के कारण वह घर पर रह रहे थे। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। मंगलवार की शाम इसी से परेशान होकर वह मालवीय पुल पहुंचे और गंगा में छलांग लगा दी। उन्हें नदी में कूदते देख राहगीरों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर घाट पर मौजूद गोलू साहनी अपने साथियों के साथ नदी में उतरे और शफीक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना पर सुजाबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शफीक को चौकी ले गई। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।