पीडीडीयू नगर के पचफेड़वा पुल से गुजरता मशीन लदा ट्रक। स्रोत:-जागरूक पाठक
- फोटो : udhampur news
पीडीडीयू नगर। 308 पहियों वाला भारी-भरकम ट्रक चार दिन तक चंदौली में ठिठके रहने के बाद सोमवार को दोपहर वाराणसी के लिए रवाना हो गया। रिंग रोड से वैकल्पिक रास्ता बनाकर ट्रक को हाईवे पर लाया गया। ट्रक के निकलने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग और वीडियो बनाने वाले कंटेट क्रिएटर्स मौके पर पहुंच गए। भारी वाहन और उस पर लदी विशाल मशीन को देखने के लिए लोगों में खासा कौतूहल रहा। यह ट्रक बेल्जियम से पानी के जहाज के जरिए ओडिशा के पारादीप समुद्र तट तक पहुंचा। भारी-भरकम ट्रक 25 सितंबर को चंदौली जिले के नौबतपुर बॉर्डर पर पहुंचा था। इसके बाद रास्ते की परिस्थितियों और वाहन के आकार के कारण इसकी रफ्तार बेहद धीमी रही। चार दिनों में ट्रक महज 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तय कर पाया। सोमवार को रिंग रोड पर वैकल्पिक मार्ग तैयार कर ट्रक को आगे रवाना किया गया। ट्रक को चंदौली से वाराणसी होते हुए गाजीपुर और गोरखपुर की ओर ले जाया जाएगा। इसके बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते इसे लखीमपुर खीरी पहुंचाया जाएगा।