सैयदराजा। प्रयागराज में मौनी अमावस्या के स्नान के बाद बड़े वाहनों को मंगलवार की रात से छोड़ जाने का असर जिले में भी दिखा। बुधवार की सुबह आठ बजे से लीलापुर फाटक से लेकर बिहार जाने वाली एक लेन पर लगभग आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसकर वाहन सवार बिलबिला उठे। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस घंटों जाम छुड़ाने के लिए हलकान होती रही। शाम के चार बजे पुलिकर्मियों के काफी प्रयास तब जाम से मुक्ति मिली। प्रयागराज के लगे कुंभ में मौनी अमावस्या के नहान की वजह से प्रयागराज से बिहार और जिले की आने वाली गाड़ियों को रोका गया था। मंगलवार की देर रात जैसे ही गाड़ियों को छोड़ा गया, सैयदराजा हाईवे पर एक साथ कई गाड़ियां आ गईं। भतीजा मोड़ अंडरपास व जेठमलपुर मोड स्थित अंडरपास के बगल वाली सिंगल रोड पर जाम की स्थिति बनने लगी। कुछ गाड़ियां जल्दी निकलने के लिए उल्टी लेन से बिहार की तरफ जाने लगीं। इससे भतीजा मोड़ के समीप जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों को एक लाइन से धीरे धीरे निकालना शुरू किया। बावजूद इसके राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिहार जाने वाली लेन पर ट्रकों की तीन लाइन लग गई। इससे जाम लीलापुर फाटक से नौबतपुर तक लग गया। कुछ छोटी बसें व चार चक्का वाहन सैयदराजा बाजार से होते हुए नौबतपुर की तरफ निकल जा रहे थे लेकिन बड़े वाहनों और ट्रकों के पहिए जाम में फंसे रहे। लोगों का कहना है कि अर्धनिर्मित अंडर पासों को शीघ्र बनाकर चालू कर दिया जाए तो जाम की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है लेकिन संबंधित विभाग इन सभी अंडरपासो को बनवाने में तेजी नहीं दिखा रहा है।