पीडीडीयू नगर। नगर क्षेत्र में बनने वाले पीएम आवास की दूसरी सूची डूडा ने जारी कर दी है। इसमें 5836 लाभार्थियों का चयन किया गया है। योजना की पहली किस्त के अनुदान के लिए 80 लाभार्थियों के नाम सूडा के पास भेजे जा चुके हैं। बाकी लाभार्थियों का सत्यापन होने के बाद आईडी जेनरेट करने की प्रक्रिया जारी है। पीएम आवास योजना के प्रथम चरण में 2545 लाभार्थियों का चयन किया गया था, जिसमें सत्यापन के बाद 2008 पात्र लाभार्थी बचे थे। उन्हें डूडा की ओर से दूसरी और तीसरी किश्त मुहैया कराई जा चुकी है। वहीं, पहले चरण के नौ ऐसे लाभार्थी हैं, जिन्होंने पहली किश्त लेने के दो साल बाद भी आवास निर्माण का काम नहीं शुरू कराया। डूडा ने ऐसे लाभार्थियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर आवास निर्माण शुरू कराने की हिदायत दी है। डूडा के परियोजना प्रबंधक संजय मौर्या ने बताया कि लाभार्थियों को ढाई लाख का अनुदान दिया जाएगा। पहली किस्त में 50 हजार, दूसरी में डेढ़ लाख और तीसरी एवं अंतिम किस्त 50 हजार रुपये लाभार्थी के खाते में भेजे जाएंगे।