सकलडीहा। सकलडीहा विद्युत वितरण उपखंड तृतीय के तहत आने वाले बिजली के बड़े बकाएदारों के खिलाफ विभाग शीघ्र वसूली अभियान चलाएगा। सोमवार को एक्सीएन रामपाल ने सभी जेई और एसडीओ को बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर आरसी जारी करने और मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। बिजली विभाग के अनुसार 40 हजार से अधिक के बकाएदारों की सूची तैयार की गई है। इन उपभोक्ताओं करीब 269 करोड़ रुपया बकाया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्टर के निर्देश पर बिजली बकाया वसूली को लेकर एक जनवरी से अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। अभी तक महज दो हजार 264 उपभोक्ताओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। एक्सीएन रामपाल ने नाराजगी जताते हुए सभी बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि बकाएदारों को शासन स्तर से सरचार्ज योजना के तहत 15 फरवरी तक आखिर मौका दिया गया है। इसके बाद आरसी जारी करने के अलावा 138 बी के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।