चंदौली। विभागीय उदासीनता के चलते बीएड के डेढ़ सौ से अधिक छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें सबसे अधिक छात्र रामविलास सिंह शिक्षण संस्थान विजयपुरवा सिकंदरपुर और जागेश्वर नाथ पीजी कालेज हेतिमपुर चकिया के हैं। इससे नाराज छात्रों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने की मांग की। छात्रों ने बताया कि बीएड द्वितीय वर्ष के छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए संस्थान की ओर से ऑनलाइन आवेदन कराए गए थे। फार्म में गड़बड़ी होने के चलते संस्थान की ओर से ऑनलाइन संशोधन कराया गया था। इसके बाद भी समाज कल्याण विभाग द्वारा करीब डेढ़ सौ से अधिक आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। छात्र संस्थान के जिम्मेदार लोगों ने आवेदन के निरस्त होने का करण जानना चाह रहे हैं तो उन्हें संतोजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। वहीं समाज कल्याण के अधिकारी भी संस्थान को दोषी बताते हुए छात्रों को टरका रहे है। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने आवेदन को दोबारा संशोधन कराने की मांग और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से भी मुलाकात की और उन्हे अपनी परेशानियों से अवगत कराया। जिसपर डीएम ने तत्काल कार्रवाई करने के लिए उन्हे आश्वस्त किया। इस दौरान कंचन कुमारी, सुनीता, भानु प्रताप, सुनिल कुमार, भारती कुमारी, आशुतोष सिंह, गौरव सिंह, श्रेया कुमारी, प्रिया सिंह, उजाला, विककी सिंह, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार सिंह शामिल रहे।