केराकत। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी मंगलेश दुबे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्य राजस्व अधिकारी रामआसरे सिंह को तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार रोकने की मांग व एसडीएम के ट्रांसफर के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कुछ देर के लिए तहसील दिवस बाधित रहा। केराकत तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले ढाई महीने से अधिवक्ता हड़ताल पर है। अधिवक्ता मंगलवार को तहसील में एसडीएम कार्यालय के सामने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अधिवक्ता हुजूम बनाकर अध्यक्ष नम: नाथ शर्मा और महामंत्री हीरेन्द्र यादव के नेतृत्व में सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए मुख्य राजस्व अधिकारी रामआसरे सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए उनसे तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की। श्री सिंह ने अधिवक्ताओं से पत्रक लेते हुए कहाकि वह पूरे मामले को डीएम के संज्ञान लाएंगे। इस दौरान मंझगवाकला की एक महिला ने बताया कि पांच माह से फीस जमा करने के बाद भी राजस्व निरीक्षक पैमाइश करने के लिए रिश्वत मांग रहे हैं। पैमाइश नहीं कर रहे हैं। अधिवक्ताओं में मुख्य रूप से रविनाथ सिंह कौशल, शारदा यादव ,दिनेश पांडेय ,अनिल सोनकर गांगुली, हवलदार प्रसाद ,सुरेश राम ,रमेश कुमार ,अवधेश सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।