पीडीडीयू नगर। कामाख्या से भगत की कोठी जा रही भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री की जेब से उचक्कों ने 75 हजार रुपये चुरा लिए। घटना कटिहार स्टेशन के समीप हुई है। यात्री ने इसकी शिकायत रेल मदद एप पर की है। ट्रेनों में चोर उचक्कों की संख्या कम नहीं हो रही है। लाख प्रयास के बाद भी चोर पलक झपकते ही ट्रेन से यात्रियों का सामान चुरा ले रहे हैं। कुछ इसी तरह का कारनामा शनिवार की भोर में भगत की कोठी एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-2 में एक यात्री के साथ की। मुरादाबाद निवासी सुमित सिंह बिजली इंजीनियर है। वह विभिन्न कंपनियों में पहुंच कर समस्याओं को दूर करता है। सुमित बिजली मरम्मत के काम से ही गुवाहाटी गया था। वहां से वह भगत की कोठी एक्सप्रेस के एस-2 कोच के सीट संख्या 55 पर सवार होकर मुरादाबाद जा रहा था। ट्रेन भोर में पौने चार बजे किशनगंज से आगे बढ़ी थी। इस बीच सुमित की आंख लगी। इसी बीच उचक्कों ने उसके जेब में रखे 75 हजार रुपये चुरा लिए। कटिहार में उसकी नींद खुली तो पैसे गायब देख होश उड़ गए। उसने शोर मचाया और खोजबीन की लेकिन कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। उसने इसकी शिकायत टीटीई से की लेकिन उसने बताया कि मुरादाबाद में इसकी शिकायत करे। सुमीत ने इसकी शिकायत रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर भी की है।