धीना। स्थानीय पुलिस ने स्वाट टीम के साथ बृहस्पतिवार की आधी रात के बाद वाहन चेकिंग के दौरान इमिलिया तिराहा के पास से कार से तस्करी कर ले जा रहे 75 किलो गांजा बरामद की। इस दौरान एक तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसके पास एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। बरामद गांजा की कीमत आठ लाख रुपये है। पुलिस ने तस्कर का चालान कर दिया है।
सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि धीना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम बृहस्पतिवार को आधी रात के बाद धीना क्षेत्र के इमिलिया तिराहा के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच नीले रंग की वीआईपी कार आती दिखी। पुलिस ने टार्च जलाकर कार को रुकने का इशारा किया लेकिन कार सवार ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार की तलाशी ली गई तो सीट के अंदर छिपा कर रखे गए 49 बंडल मिले। बंडल में गांजा भरा हुआ था। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम अरविंद यादव निवासी ग्राम परसदा थाना भावर जिला गाजीपुर बताया। तलाशी में अरविंद के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। उसने बताया कि वह उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के नंबर लगी नीले रंग की वीआईपी कार से वाराणसी हरहुआ जा रहा था। गांजे का वजन 75 किलो मिला। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत आठ लाख रुपये है। गिरफ्तारी टीम में स्वाट प्रभारी अजीत सिंह, एसआई सतेन्द्र विक्रम सिंह, सर्विलांस प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी विपिन सिंह, एसआई शिवशंकर सिंह, आनंद सिंह, अमित सिंह, घनश्याम वर्मा, सूरज सिंह, देवेन्द्र सरोज, गणेश तिवारी रहे।
पकड़ा गया तस्करी का आरोपी अरविंद यादव उड़ीसा के जयपुर में एक होटल में रूकता था। होटल के पास गाड़ी आती थी। फिर गांजा भरकर तस्कर के हवाले कर दिया जाता था। बनारस लोकेशन पर गाड़ी में चाभी छोड़कर चला जाता था। मुनाफे में दस से बीस हजार रूपया प्रति टीप अतिरिक्त मिलता था। चंदौली मंडी समिति के पास वाहन चेंकिग होने पर गाड़ी घुमाकर तस्कर धीना से बलुआ होते वाराणसी जाते समय स्वॉट टीम ने गिरफ्तार कर लिया था।