चंदौली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बीते शनिवार की देर रात तक सदर तहसील सभागार आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत 73419 वाद निस्तारित किए गए। इसमें 2431 लघु आपराधिक मुकदमें शामिल रहे। वहीं, नौ लाख 85 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला कराया गया। जबकि एक करोड़ 27 लाख 78 हजार 12 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किया। जिला जज सुनील कुमार चतुर्थ ने चार इजराय वादों का निस्तारण कर दो लाख 70 हजार रुपये का समझौता राशि दिलाया। प्रभारी पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण विनय कुमार सिंह ने छह एमएसीटी वादों का निस्तारण कर 45 लाख 13 हजार रुपये का समझौता राशि दिलाया। प्रधान न्यायाधीश एवं परिवार न्यायालय राकेश धर दुबे ने 26 वादों का निस्तारण किया। अपर जिला न्यायाधीश डॉ. जया पाठक ने चार इजराय वाद में एक लाख 60 हजार रुपये समझौता राशि एवं एक अन्य वाद निस्तारित कर 500 रुपये का जुर्माना वसूल कराया। अपर जिला न्यायाधीश एवं विशेष पाक्सो एक्ट राजेन्द्र प्रसाद ने दो वादों का निस्तारण कर एक हजार रुपये जुर्माना वसूल कराया। इसी तरह सभी राजस्व न्यायालयों में कुल 73419 मामलों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर अपर जिला न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश शुक्ल, जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे, एसपी डाॅ. अनिल कुमार, एडीएम अभय पांडेय सहित अन्य न्यायालय व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।