चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत रामगढ़ रईया के बीच में बानगंगा पर बनीं पुलिया पर बुधवार को तेज रफ़्तार बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया। इससे चालक बाइक समेत पुलिया के नीचे जा गिरा। उसके साथी घायलावस्था में उसे चहनिया पीएचसी ले गए। यहां हालत गंभीर देख ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर के मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मोहरगंज बाजार निवासी रामाश्रय राम का पुत्र विशाल (14) अपने कुछ साथियो के साथ बाइक से रामगढ़ बाबा कीनाराम का दर्शन-पूजन करने गया था। वापस लौटते समय साथियो की बाइक आगे जाते देख विशाल ने भी अपने बाइक की रफ़्तार तेज कर दी। जैसे ही वह बानगंगा पर बनी पुलिया पर पहुंचा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत पुलिया ने नीचे जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी एंबुलेंस की सहायता से उसे चहनिया पीएचसी ले गए। यहां हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया जहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।