पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत पटपरा गांव में बुधवार की देर रात जन्मदिन की पार्टी में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। आग से पचास हजार रुपये नकदी सहित गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर किसी प्रकार काबू पाया। पटपरा गांव निवासी ओम प्रकाश के बच्चे के जन्मदिन की पार्टी थी। इसी बीच ओमप्रकाश की पत्नी गैस पर चाय बनाने गई। इसी तरह इसी बीच गैस सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई। घर के लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती मकान से सटे लेडिज कार्नर तक आग पहुंच गई। इस घटना से पचास हजार रुपये नकद और घर में रखे चावल, गेहूं, बिस्तर, चारपाई सहित गृहस्थी का लाखों रुपये मूल्य का सामान जल कर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाई। इससे आस पास के मकान तक आग नहीं पहुंची।