चंदौली। ग्राम पंचायतों में नियुक्त होने वाले सोशल आडिट टीम के सदस्यों के चयन हेतु बुधवार को विकास भवन में हुआ। तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया के पहले दिन चहनियां, सकलडीहा, धानापुर विकास खंड के 169 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चयनित अभ्यर्थी ग्राम पंचायतों में सोशल आडिट सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। जनपद के सभी विकास खंडों में प्रत्येक दस ग्राम पंचायत पर एक सोशल आडिट टीम का गठन किया जाना है। एक टीम में चार सदस्य होंगे। जबकि प्रत्येक ब्लाक में दो टीमों को रिजर्व के रूप में रखा जाएगा। सदस्यों के चयन हेतु विकास विभाग की ओर पूर्व में आवेदन मांगा गया था। इसी के तहत बुधवार को जिला विकास अधिकारी पद्मकांत शुक्ला के नेतृत्व में प्रधानाचार्य डा. रामचंद्र शुक्ल और सोनिया यादव की तीन सदस्यीय चयन कमेटी द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चहनियां ब्लाक से 57, सकलडीहा से 67 और धानापुर से 45 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। डीडीओ ने बताया कि चहनियां में 12, सकलडीहा में 13 और धानापुर में 11 सोशल आडिट टीमों का गठन किया जाना है। 21 दिसंबर को बरहनी, सदर और नियामताबाद विकास खंड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।