चंदौली। जनपद न्यायाधीश ज्योति कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को समस्त न्यायालयों और बैंकों द्वारा फिजिकल मोड में किया गया। इस दौरान न्यायालयों द्वारा कुल 5177 मुकदमों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया गया। सभी बैंकों द्वारा कुल 431 ऋण खातों का निस्तारण कर रूपया 67480000 का समझौता किया गया एवं लोक अदालत में 13318000 रुपये नकद वसूल किया गया। जनपद न्यायाधीश ज्योति कुमार त्रिपाठी द्वारा कुल पांच वादों का निस्तारण किया गया। पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण नरेन्द्र कुमार झा द्वारा कुल 16 वादों का निस्तारण कर रुपये 7940000 का प्रतिकर दिया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय राजीव कमल पाण्डेय द्वारा कुल 47 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें 08 जोड़े साथ रहने पर सहमत हो गए। इस मौके पर योगेश नारायण सिंह जिला मजिस्ट्रेट संजीव सिंह, सुभाष चन्द्र राय, संजीव श्रीवास्तव, संतोष सिंह व शमशुद्दीन उपस्थित थे।