चंदौली। सीमए योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में शहीद अवधेश यादव की पत्नी को नियुक्ति पत्र देंगे। एडीएम बच्चालाल के नेतृत्व में अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम मंगलवार को शिल्पी को लेकर लखनऊ रवाना हुई। रवाना होने से पहले डीएम ने नियुक्ति से जुड़े सभी दस्तावेजों को चेक किया। प्रदेश सरकार की ओर से घोषणा की गई थी कि शहीद के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसको लेकर जिला प्रशासन को रिपोर्ट तैयार कर आश्रितों के साथ छह मार्च को लखनऊ बुलाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से शहीद की पत्नी शिल्पी को राजस्व विभाग में नौकरी देेने की योजना बनाई गई है। इसको लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद एडीएम बच्चालाल शहीद की पत्नी व परिजनों को लेकर लखनऊ रवाना हुए। शिल्पी ने राजस्व, स्वास्थ्य व परिवहन विभाग में नौकरी मांगी थी। जिला प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग में उनकी नियुक्त कराई जाएगी। पहले कलेक्ट्रेट में नियुक्ति होगी। एडीएम बच्चालाल ने बताया कि सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बस सीएम के द्वारा नियुक्ति पत्र देना शेष है।