पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज में सोमवार को तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य अतिथि वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अजीत कुमार ने कबूतर उड़ाकर समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रतियोगिता की मशाल भी जलाई। इसके बाद दौड़, गोला फेंक, ऊंची और लंबी कूद में छात्र-छात्राओं ने दम दिखाया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि ने कहा कि मैदान में खेल भावना के साथ स्वस्थ प्रतिष्पर्धा जरूरी है। कहा कि प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। खेल को शिक्षा का अनिवार्य अंग माना गया है। कहा कि हर छात्र के अंदर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है लेकिन उन्हें निखारने और प्रदर्शित करने का मंच नहीं मिल पाता। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी दीं। इसके बाद खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। पहले दिन 100 मीटर की दौड़, ऊंची और लंबी कूद, गोला प्रक्षेप प्रतियोगिताएं हुई। इस मौके पर क्रीड़ा शिक्षक प्रदीप चौधरी, शिवनारायण, विपिन तिवारी, शिव कुमार, सर्वर अजीम, सुनील सिंह, योगेश यादव, जावेद आलम, रमेश सिंह उपस्थित रहे। संचालन बृजेश सिंह और पीसी प्रियदर्शी ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत प्रिंसिपल मेजर अमरेन्द्र सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन उप प्रधानाचार्य रतन तिर्की ने किया।