नियामताबाद। भारतीय किसान संघ का प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को मुगलसराय तहसील के विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में क्रय केंद्रों पर धान खरीद में अनियमितता मिली। यहां तक कि डीएम के आदेश के बाद भी मिलर धान की कटौती कर रहे हैं। निरीक्षण के बाद प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि पूरी रिपोर्ट संघ के प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा जाएगा। इसके बाद भी अनियमितता में सुधार नहीं हुआ तो संघ आंदोलन करेगा। सबसे पहले टीम के सदस्य विपणन केंद्र सेमरा पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि अभी तक यहां 125 किसानों से नौ हजार कुंतल धान की खरीद की गई। बताया कि किसानों को केंद्र पर ही बुलाया जाता है। हालांकि निरीक्षण में दोपहर 12 बजे तक केंद्र पर कोई किसान नजर नहीं आया। इसी तरह हमीदपुर में नेफेड के केंद्र पर 207 किसानों ने 23 हजार 175 कुंतल धान की खरीद की गई है। केंद्र प्रभारी विजेंद्र कुमार ने खरीद रजिस्टर दिखाया उसमें मात्र 25 किसानों के ही नाम और मोबाइल दर्ज मिले। केंद्र प्रभारी ने बताया कि कागजात और सिक्स आर जिला प्रभारी ले गए हैं। यही नहीं रजिस्टर में मिर्जापुर के किसानों के भी नाम दर्ज हैं। इसके बाद टीम के सदस्य साधन सहकारी समिति पचोखर पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी विश्वनाथ यादव ने बताया कि अभी तक केंद्र पर 105 किसानों के नंबर लगे हैं, लेकिन 37 किसानों से 2128 कुंतल धान की खरीद हुई है। इसमें नियामताबाद स्थित मिल पर 1632 कुंतल धान भेजा गया है। 495 कुंतल धान केंद्र पर पड़े हैं। मिल पर भेज गए धान मिलर ने चौरासी कुंतल धान की कटौती की गई है। कारण बताया गया कि धान में मिट्टी और पइया है। जबकि केंद्र पर धान की खरीद करते समय धान नंबर एक का था। निरीक्षण टीम में जिलाध्यक्ष संतोष मिश्र,मनोज सिंह, राजेश द्विवेदी, रामपूजन मिश्र, संतोष पांडेय रहे।