चंदौली। वर्ष 2018 में चयनित सहायक अध्यापकों ने सात माह के बकाए वेतन के भुगतान के लिए शनिवार को मुख्यालय पर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंच डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम बच्चालाल को सौंपकर अपनी समस्याओं ने अवगत कराया। साथ ही आरोप लगाया कि बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के मनमाने रवैए के चलते उनके वेतन का भुगतान अभी भी लंबित है। जिससे उनके सामने भुखमरी की स्थिती उत्पन्न हो गई है। परिषदीय विद्यालयों में तैनात सहायक अध्यापकों ने बताया कि वर्ष 2018 में पूरे प्रदेश में शिक्षा विभाग की ओर से 12 हजार चार सौ 60 सहायक अध्यापकों को नियुक्त किया गया था। जिसके तहत चंदौली के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में 143 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति मिली। लेकिन सात माह से अधिक समय से अध्यापन कार्य में लगे शिक्षकों को विभाग की ओर वेतन का भुगतान नहीं किया गया। जिसके लिए शिक्षकों ने बेसिक शिक्षाधिकारी भोलेंद्र प्रताप से मिलकर गुहार भी लगाया। लेकिन इसके बाद भी उनके समस्याओं पर विचार नहीं किया गया। कहा कि विभाग द्वारा उनके प्रमाण पत्रों के सत्यापन कराने के बाद भी वेतन देने में आनाकानी किया जा रहा है। जिससे सहायक अध्यापकों में विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उनकी समस्याओं के निदान की मांग की। एडीएम बच्चालाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके वेतन का भुगतान कराने का प्रयास करेंगे। इस दौरान महिपाल, संजीव, अजीत, पूजा, श्रीराम, आकांक्षा, संदीप, आशीष, नेहा, सुषमा, रेखा, शैलजा आदि उपस्थितरही।