कंदवा। क्षेत्र के कंजेहरा गांव निवासी नेहा (12) की मंगलवार की शाम जीवित्पुत्रिका पर्व पर जमानिया स्थित चक्का बांध घाट पर नहाते समय गंगा में डूबने से मौत हो गई थी। गोताखोरों की तलाशी के बाद भी देर शाम तक उसका शव नहीं मिला था। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। बुधवार को भी उसके शव का पता नहीं चल पाया। बुधवार की सुबह परिजनों ने एसडीएम व पुलिस से शव ढूंढने की गुहार लगाई। एसडीएम के आदेश पर गोताखोरों की मदद से बुधवार की अपराह्न शव ढूंढने का कार्य प्रारंभ हुआ लेकिन गोताखोरों को निराशा ही हाथ लगी। करीब आधा दर्जन गोताखोरों का घंटों किया गया प्रयास असफल रहा। थक- हारकर परिजन भी वापस घर लौट आए। घर पर मृत किशोरी की मां ममता का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं पिता कामेश्वर शाह पुत्री की आकस्मिक मौत से काफी व्यथित नजर आ रहे थे।