कोरोना की दूसरी लहर के कम होने और आगे तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुट गया है। सदर विकास खंड के नवनिर्मित मैढ़ी सीएचसी में 50 बेड का पीडियाट्रिक वार्ड बनाया गया है। इसमें 25 ऑक्सीजन युक्त बेड और 25 बेड आइसोलेशन के लिए हैं। वहीं 45 लीटर प्रति मिनट सप्लाई देने वाला आक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है। जिले में चार सीएचसी को कोरोना मरीजों के इलाज के लिए चयनित किया गया है। नगरों के साथ ही ग्रामीण इलाकों के अस्पतालों को भी संसाधनों से लैस किया जा रहा है। नवनिर्मित मैढ़ी सीएचसी का चयन इसके लिए किया गया है। सीएमओ डॉ. वीपी द्विवेदी ने बताया कि 50 बेड के अस्पताल में 25 बेड तक आक्सीजन की व्यवस्था की गई है। इससे 10 बेड तक पाइपलाइन के जरिए हमेशा आक्सीजन पहुंचती रहेगी। 10 बेड तक आक्सीजन सिलेंडर और पांच बेड तक कांसंट्रेटर के जरिए आक्सीजन की आपूर्ति होगी। इसके लिए अस्पताल में 45 लीटर प्रति मिनट उत्पादन करने वाला आक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है।